एक घंटे तक केवल वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रवेश
एक घंटे तक केवल वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रवेश
चारधाम यात्रा पर आने वाले वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है. बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति यानी बीकेटीसी ने श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में ऐसे श्रद्धालुओं को प्राथमिकता के आधार पर दर्शन कराने का निर्णय लिया है. यह व्यवस्था बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के निर्देश पर लागू की जा रही है, ताकि बुजुर्ग और दिव्यांग भक्तों को सम्मान, सुरक्षा और सुगम दर्शन का लाभ मिल सके.
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि दोनों धामों में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं. इसके तहत दिव्यांग और वृद्ध श्रद्धालुओं के लिए अलग से दर्शन व्यवस्था बनाई गई है, जिससे उन्हें लंबी कतारों और भीड़ से राहत मिल सके. उन्होंने कहा कि मंदिर समिति का प्रयास है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक दर्शन कराए जाएं.
एक घंटे तक केवल वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं को मिलेगा प्रवेश
मंदिर समिति की ओर से जानकारी दी गई है कि दोनों धामों में 50-50 श्रद्धालुओं के चार स्लॉट बनाए गए हैं. प्रत्येक स्लॉट 15 मिनट का होगा. इस प्रकार कुल एक घंटे तक केवल वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं को ही दर्शन करने की अनुमति दी जाएगी. दर्शन का समय सुबह 8 बजे से 8:15 बजे तक, सुबह 10 बजे से 10:15 बजे तक, दोपहर 3 बजे से 3:15 बजे तक तथा शाम 4:45 बजे से 5 बजे तक निर्धारित किया गया है.
70 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
बीकेटीसी की एसओपी के अनुसार, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं को आधार कार्ड और मंदिर समिति के काउंटर पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा. दिव्यांग श्रद्धालुओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के बाद उन्हें प्राथमिक दर्शन की सुविधा दी जाएगी. वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु के श्रद्धालुओं को भी इस व्यवस्था का लाभ मिलेगा.
रिपोर्टर: कमलनयन सिलोड़ी
ये भी पढ़ें: