scorecardresearch

अब ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु कर सकेंगे साईंबाबा के दर्शन, ऐसे मिलेगी परमिशन

ऑनलाइन माध्यम से 15 हजार श्रद्धालुओं को पास पहले से जारी किए जा रहे हैं, अब 10 हजार श्रद्धालुओं को और दर्शन करने की इजाजत मिलेगी. इसका मतलब है कि अब कुल 25,000 श्रद्धालु हर दिन साईबाबा के दर्शन कर सकते हैं.

शिरडी साईं मंदिर शिरडी साईं मंदिर
हाइलाइट्स
  • ऑनलाइन 15 हजार श्रद्धालुओं को पास जारी किए जा रहे.

  • हर दिन 25 हजार श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे.

महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों के लिए प्रसिद्ध शिरडी मंदिर में दर्शन का रास्ता खुल गया है. राज्य में कोविड 19 के नए केसों में गिरावट के बाद अब अहमदनगर जिला प्रशासन ने शिरडी मंदिर में 10,000 और श्रद्धालुओं को प्रतिदिन साईबाबा के दर्शन करने की मंजूरी देने का फैसला किया है. यानि कि अब मंदिर में हर दिन 25 हजार श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे. इसके लिए श्रद्धालुओं को ऑफलाइन यानि कि मंदिर में जाकर पास लेना होगा. 

इससे पहले जिला प्रशासन ने छह अक्टूबर को एक आदेश जारी कर ऑनलाइन माध्यम से पास लेने वाले 15,000 श्रद्धालुओं को हर दिन दर्शन करने की अनुमति दी थी लेकिन मामलों में कमी आने के बाद अधिकारियों को ऑफलाइन पास लेने वाले और अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन करने की अनुमति देने का प्रस्ताव मिला.  

25 हजार श्रद्धालु हर दिन मंदिर में दर्शन कर सकेंगे 

ऑनलाइन माध्यम से 15 हजार श्रद्धालुओं को पास पहले से जारी किए जा रहे हैं, अब ऑफलाइन 10 हजार श्रद्धालुओं को और दर्शन करने की इजाजत मिलेगी. इसका मतलब है कि अब कुल 25,000 श्रद्धालु हर दिन साईबाबा के दर्शन कर सकते हैं.अहमदनगर जिले के जिलाधिकारी राजेंद्र भोंसले द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, ‘‘बैठक में लिए गए फैसले के अनुसार साईबाबा मंदिर ट्रस्ट ने कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए प्रतिदिन वहीं जाकर पास लेने वाले 10,000 श्रद्धालुओं को दर्शन की मंजूरी दी है.’’ 

महामारी से पहले हर दिन आते थे लाखों श्रद्धालु

महामारी से पहले हर दिन लाखों श्रद्धालु शिरडी आते थे लेकिन महामारी के खतरों को देखते हुए श्रद्धालुओं की संख्या में कमी की गयी है. स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में मंगलवार को 886 नए कोरोना पॉजिटिव केस और 34 मौतें दर्ज की गयीं. जिसके बाद राज्य में कुल कोरोना मामलों की संख्या 66,25,872 और महामारी से मरने वालों का आंकड़ा 1,40,636 हो गया. वहीं महाराष्ट्र में अब तक कोरोना वैक्सीन की 10.25 करोड़ से ज्यादा डोज दी जा चुकी हैं. नवंबर के अंत तक सभी पात्र व्यक्तियों को कम से कम पहली खुराक मिल जाएगी.

ये भी पढ़ें: