City Palace Holi
City Palace Holi
होली का पर्व पूरे देश दुनिया में धूमधाम से मनाया गया. वैसे तो होली के मौके पर अलग-अलग राज्यों के शहरों में अलग-अलग तरह की परंपराएं हैं. लेकिन राजस्थान के जयपुर में होलिका दहन की एक अनोखी प्राचीन परंपरा सालों से चली आ रही है. यहां सबसे पहले सिटी पैलेस स्थित राज परिवार की होली का दहन होता है. इसके बाद शहर के अन्य क्षेत्रों में होली का दहन कार्यक्रम किया जाता है.
राज परिवार की होली से होती है शुरुआत
स्थानीय लोग अपनी होली जलाने के लिए राज परिवार की होली की पवित्र आग लेकर जाते हैं. इस दौरान होली में से आग ले जाने के दौरान कई बार हादसे भी हो जाते हैं. क्योंकि आग जलाकर लोग भागते हैं. कुछ लोग पैदल भागते हैं, तो कुछ बाइक पर उस आग को लेकर जाते है. यह अनूठी परंपरा सालों से चली आ रही है. इसके वीडियो भी अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
राजस्थानी परंपरा से मनाई जाती है होली
राजस्थान की राजधानी जयपुर राजस्थानी संस्कृति का शहर है. गणगौर, शीतला माता, दिवाली या होली सभी कार्यक्रम या राजस्थानी परंपरा से मनाए जाते हैं. वैसे तो होली के मौके पर जगह-जगह हजारों कार्यक्रम होते हैं. मंदिरों में ढोल नगाड़े बजते हैं. गोविंद देव जी मंदिर हो या मोती डूंगरी का गणेश मंदिर सभी में पारंपरिक तरह से ढप पर गीत गाकर होली मनाई जाती है. लेकिन होली का दहन का भी जयपुर में खास महत्व है.
राजपरिवार के आग को होली दहन के लिए ले जाते हैं लोग
सालों से जयपुर में शाही अंदाज से राज परिवार द्वारा होलिका का दहन किया जाता है. इस होली का दहन कार्यक्रम में शहर के हजारों लोग शामिल होते हैं और होलिका दहन कार्यक्रम राज परिवार के सदस्य करते हैं और उसे होली का दहन की आग को लोग लेकर जाते हैं और अपने घरों, अपनी कॉलोनी व क्षेत्र में होली का दहन करते हैं. यह कार्यक्रम परंपरा राजस्थानी संस्कृति को दर्शाता है और आज भी इस शाही अंदाज से राजपरिवार की तरफ से यह अनूठी परंपरा निभाई जा रही है.
जयपुर के एक शाही होली दहन कार्यक्रम में डिप्टी सीएम राज परिवार सदस्य दिया कुमारी सहित राज परिवार के अन्य लोग भी शामिल हुए. शाही अंदाज में होलिका दहन कार्यक्रम हुआ. इस दौरान विधि विधान से होलिका दहन का पूजन किया गया और उसके बाद होली का दहन किया गया. इस दौरान राज परिवार के सभी लोग राजस्थानी वेशभूषा में नजर आए. कार्यक्रम के दौरान राजस्थानी गीत व संस्कृति की झलक दिखाई दी. होलिका से आग लेकर भागते हुए युवाओं के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं.
-हिमांशु शर्मा
ये भी पढ़ें