31 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य मंदिर
31 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य मंदिर
जम्मू-कश्मीर के कटरा में छह दशक के लंबे इंतजार के बाद श्री शंकराचार्य मंदिर निर्माण का कार्य शुरू हो गया है. लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के बीच मंदिर की आधारशिला रखी. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से बनाए जा रहे इस मंदिर के पूरा होने के बाद मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को एक और महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर पूजा-अर्चना का अवसर मिलेगा.
60 साल पुराना सपना हुआ साकार
कटरा में श्री शंकराचार्य मंदिर निर्माण की योजना पहली बार वर्ष 1967 में बनाई गई थी. इसके बाद 1986 में तत्कालीन राज्यपाल जगमोहन ने इसकी आधारशिला रखी थी, लेकिन किसी कारणवश निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका. लंबे समय तक यह परियोजना अधूरी रही. पिछले वर्ष इस दिशा में फिर से पहल की गई. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और स्थानीय जमीन मालिकों के बीच समझौता हुआ, जिसके तहत ग्रामीणों ने अपनी कुछ शर्तों के साथ 41 कनाल जमीन मंदिर निर्माण के लिए दान कर दी. इसके बाद मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो गया.
31 करोड़ की लागत से बनेगा भव्य मंदिर
श्री शंकराचार्य मंदिर लगभग 31 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा. यह मंदिर त्रिकुट पहाड़ियों के पास स्थित होगा। तैयार योजना के अनुसार मंदिर सफेद संगमरमर से निर्मित दो मंजिला भव्य भवन होगा. मंदिर परिसर में नंदी जी के लिए गोलाकार मंदिर, रसोई, स्टोर रूम, शयन कक्ष, दोनों ओर बरामदे और सुरक्षा कक्ष बनाए जाएंगे. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जाएगी. इसके अलावा जमीन दान करने वाले परिवारों के लिए 50 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है.
धार्मिक पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
इस मौके पर लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने कहा कि यह मंदिर देश की आध्यात्मिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा. साथ ही इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. कटरा पहले से ही देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में श्री शंकराचार्य मंदिर बनने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है.
वर्ल्ड क्लास म्यूजियम की भी तैयारी
मंदिर निर्माण के साथ-साथ कटरा में मां वैष्णो देवी से जुड़ा एक विश्व स्तरीय संग्रहालय बनाने की भी योजना है. इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धार्मिक और सांस्कृतिक जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी. स्थानीय लोगों में मंदिर निर्माण को लेकर खासा उत्साह है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में कटरा एक और बड़े आध्यात्मिक और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित होगा.
ये भी पढ़ें: