Bulldozer Kanwar
Bulldozer Kanwar
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्त तरह-तरह के कांवड़ लेकर निकलते हैं लेकिन इस बार एक अनोखी कांवड़ लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं. बुलडोजर कांवड़ ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. दरअसल, हरिद्वार से गंगाजल लेकर 16 शिवभक्त बाबा बुलडोजर कांवड़ लेकर आए हैं. इन शिवभक्तों का कहना है कि ये उनकी चौथी बुलडोजर कांवड़ है और उनकी मनोकामना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देश के प्रधानमंत्री बनें.
...तो बुलडोजर पर 202 लीटर जल की कावड़ लाएंगे
शिवभक्त सुनील कुमार का कहना है कि वह ओघड़नाथ मंदिर में गंगाजल चढ़ाने जा रहे हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज की तारीफ करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद योगी आदित्यनाथ देश के प्रधानमंत्री बनें. शिवभक्त सुनील बताते हैं कि इस बार वे 61 लीटर गंगाजल की बाबा बुलडोजर कांवड़ लाए हैं लेकिन जब योगी जी प्रधानमंत्री बन जाएंगे तो ये टोली बुलडोजर पर 202 लीटर जल की कांवड़ लेकर आएगी.
चौथी बुलडोजर कांवड़
शिवभक्त सुनील कुमार ने बताया कि हम हरिद्वार से जल लेकर आए हैं और ओघड़नाथ मंदिर में इस जल को चढ़ाएंगे. सुनील कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी जी हमें पसंद हैं, जो वह काम कर रहे हैं, वह बढ़िया कर रहे हैं. कोई गलत काम नहीं कर रहे हैं. हम चाहते हैं कि मोदी जी के बाद प्रधानमंत्री कुर्सी पर कोई बैठे तो वह योगी ही हों. हम लोग इस बार बुलडोजर कांवड़ ले आए हैं. बाबा योगी को बुलडोजर बहुत पसंद है. बाबा जी बहुत बढ़िया काम कर रहे हैं. शिवभक्त सुनील कुमार ने बताया कि यह हमारी चौथी बुलडोजर कांवड़ है. इससे पहले तीन कांवड़ हम ले आए हैं. मनोकामना यही है प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बाबा योगी जी बैठें. उन्होंने कहा कि हम 16 शिवभक्त हैं और हमारे पास 61 लीटर गंगाजल है. योगी जी जब प्रधानमंत्री बन जाएंगे तब हम बुलडोजर कांवड़ पर 202 लीटर जल लेकर आएंगे.
इसलिए तैयार की ऐसी कांवड़
शिवभक्तों के मुताबिक बुलडोजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहचान बन चुका है. उनका कहना है कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कामकाज पसंद है, इसलिए उन्होंने इसी स्वरूप में कांवड़ तैयार कराई है. भक्तों का कहना है कि बुलडोजर उनके लिए सिर्फ एक मशीन नहीं बल्कि एक प्रतीक है, जिसे वे बाबा योगी के कार्यों से जोड़कर देखते हैं. मुजफ्फरनगर में पहुंची यह बुलडोजर कांवड़ लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. कांवड़ मार्ग से गुजरने वाले लोग इसे देखने के लिए रुक रहे हैं और इसकी तस्वीरें व वीडियो बना रहे हैं.