scorecardresearch

बाबा महादेवशाल के भक्तों को रेलवे की बड़ी सौगात, श्रावण मास में 22 जोड़ी ट्रेनों का होगा अस्थाई ठहराव

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के कोइलकेरा में बाबा महादेवशाल धाम एक फेमस शिव मंदिर है. श्रावण मास में बाबा के भक्तों को रेलवे ने बड़ी घोषणा की है. भक्तों को बाबा के दरबार में पहुंचने में आसानी होगी. 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक महादेवशाल रेलवे स्टेशन पर 22 जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव होगा.

mahadevsal dham mahadevsal dham

श्रावण मास में बाबा महादेवशाल धाम जाने वाले लाखों शिवभक्तों के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे ने बड़ी राहत की घोषणा की है. इस वर्ष भी श्रद्धालुओं की आस्था और बढ़ती भीड़ को देखते हुए 30 जुलाई से 28 अगस्त 2026 तक महादेवशाल रेलवे स्टेशन पर 22 जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा. रेलवे के इस फैसले से झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों से आने वाले श्रद्धालु अब सीधे महादेवशाल स्टेशन उतरकर बाबा के दरबार तक आसानी से पहुंच सकेंगे.

घने जंगलों के बीच है महादेवशाल धाम-
पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा के घने जंगलों के बीच स्थित बाबा महादेवशाल धाम श्रावण मास में लाखों शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन जाता है. जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं. हर वर्ष उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने इस बार भी श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों के विशेष ठहराव की व्यवस्था की है.

22 जोड़ी ट्रेनों का होगा ठहराव-
महादेवशाल स्टेशन, जो गोइलकेरा के निकट स्थित है, रेलवे का एक विशेष धार्मिक स्टेशन माना जाता है. श्रावणी मेले के दौरान यहां 11 जोड़ी एक्सप्रेस और 11 जोड़ी मेमू सहित कुल 22 जोड़ी ट्रेनों का लगभग दो-दो मिनट का अस्थायी ठहराव होगा. इनमें इस्पात एक्सप्रेस, संबलेश्वरी एक्सप्रेस, पुरी–योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस, टाटानगर–इतवारी एक्सप्रेस, टाटानगर–बिलासपुर एक्सप्रेस, दानापुर–दुर्ग एक्सप्रेस, सारंडा मेमू और टाटानगर–राउरकेला मेमू जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं.

मंदिर कैंपस में अस्थाई टिकट काउंटर-
चक्रधरपुर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य चौधरी ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में अस्थायी टिकट काउंटर, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. रेलवे के वाणिज्य, आरपीएफ तथा अन्य विभागों के कर्मचारी पूरे मेले के दौरान यात्रियों की सहायता के लिए तैनात रहेंगे. उन्होंने श्रद्धालुओं से वैध टिकट के साथ यात्रा करने और रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करने की अपील की.

श्रद्धालुओं को होगी सुविधा-
रेलवे का मानना है कि इस विशेष व्यवस्था से न केवल पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां बल्कि ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और छत्तीसगढ़ से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की यात्रा पहले से अधिक आसान और सुरक्षित होगी. सीधे महादेवशाल स्टेशन पर ट्रेन रुकने से श्रद्धालुओं का समय बचेगा और मंदिर तक पहुंचने में भी काफी सुविधा मिलेगी.

30 जुलाई से होगा इन ट्रेनों का होगा ठहराव-

  • 13288 दानापुर–दुर्ग एक्सप्रेस– सुबह 09:47 बजे आगमन, 09:48 बजे प्रस्थान.
  • 13287 दुर्ग–दानापुर एक्सप्रेस– 03:17 बजे आगमन, 03:20 बजे प्रस्थान.
  • 12871 हावड़ा–टिटलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस (1 अगस्त से)– 11:57 बजे आगमन, 11:59 बजे प्रस्थान.
  • 12872 टिटलागढ़–हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस – 11:58 बजे आगमन, 12:00 बजे प्रस्थान.
  • 22861 हावड़ा–कांताबांजी इस्पात एक्सप्रेस – 11:57 बजे आगमन, 11:59 बजे प्रस्थान.
  • 22862 कांताबांजी–हावड़ा इस्पात एक्सप्रेस – 11:58 बजे आगमन, 12:00 बजे प्रस्थान.
  • 18477 पुरी–योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस – 07:24 बजे आगमन, 07:26 बजे प्रस्थान.
  • 18478 योगनगरी ऋषिकेश–पुरी एक्सप्रेस – 03:45 बजे आगमन, 03:47 बजे प्रस्थान.
  • 18005 हावड़ा–जगदलपुर संबलेश्वरी एक्सप्रेस – 03:54 बजे आगमन, 03:56 बजे प्रस्थान.
  • 18006 जगदलपुर–हावड़ा संबलेश्वरी एक्सप्रेस – 10:38 बजे रात्रि आगमन, 10:40 बजे रात्रि प्रस्थान.
  • 18189 टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस – 06:38 बजे आगमन, 06:40 बजे प्रस्थान.
  • 18190 एर्नाकुलम–टाटानगर एक्सप्रेस – 02:09 बजे आगमन, 02:11 बजे प्रस्थान.
  • 18109 टाटानगर–इतवारी एक्सप्रेस – 08:56 बजे आगमन, 08:58 बजे प्रस्थान.
  • 18110 इतवारी–टाटानगर एक्सप्रेस – 05:23 बजे शाम आगमन, 05:25 बजे शाम प्रस्थान.
  • 18113 टाटानगर–बिलासपुर एक्सप्रेस – 09:05 बजे रात्रि आगमन, 09:07 बजे रात्रि प्रस्थान.
  • 18114 बिलासपुर–टाटानगर एक्सप्रेस – 02:03 बजे आगमन, 02:05 बजे प्रस्थान.
  • 68025 चक्रधरपुर–राउरकेला सारंडा मेमू – 06:57 बजे आगमन, 06:59 बजे प्रस्थान.
  • 68026 राउरकेला–चक्रधरपुर सारंडा मेमू – 05:15 बजे शाम आगमन, 05:17 बजे शाम प्रस्थान.
  • 68043 टाटानगर–राउरकेला मेमू – 05:21 बजे शाम आगमन, 05:23 बजे शाम प्रस्थान.
  • 68044 राउरकेला–टाटानगर मेमू – 06:19 बजे आगमन, 06:21 बजे प्रस्थान.
  • 18051 बामरा–राउरकेला साप्ताहिक एक्सप्रेस (2 अगस्त से)– 10:08 बजे आगमन, 10:10 बजे प्रस्थान.
  • 18052 राउरकेला–बामरा साप्ताहिक एक्सप्रेस (2 अगस्त से)– 03:10 बजे आगमन, 03:11 बजे प्रस्थान.

रेलवे का कहना है कि श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है. श्रावणी मेले के दौरान महादेवशाल पहुंचने वाले हर शिवभक्त की यात्रा को सहज और मंगलमय बनाने के लिए चक्रधरपुर रेल मंडल ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं.

ये भी पढ़ें: