prayagraj sawan 2026
prayagraj sawan 2026
सावन मास के आगमन से पहले ही प्रयागराज के बाजार पूरी तरह शिवमय नजर आने लगे हैं. शहर की सड़कों से लेकर दारागंज के प्रमुख बाजारों तक भगवान शिव से जुड़े सामानों की दुकानें सज चुकी हैं. कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक की तैयारियों के बीच शिवभक्त खरीदारी लोग में बाजार पहुंच रहे हैं. सड़क किनारे लगी दुकानों पर जलाभिषेक के लिए प्लास्टिक के रंग-बिरंगे जलपात्र (डिब्बे) बिक रहे हैं, जिन पर भगवान शिव के आकर्षक चित्र और धार्मिक संदेश अंकित हैं।वहीं कपड़ों की दुकानों पर इस बार शिव भक्तों के लिए विशेष आकर्षण देखने को मिल रहा है.
प्रयागराज के दारागंज इलाके की दुकानों पर इस बार सावन को लेकर विशेष कलेक्शन आया है. यहां अलग-अलग रंगों की टी-शर्ट और कुर्तों पर भगवान शिव के चित्रों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों वाली टी-शर्ट भी उपलब्ध हैं. इसके अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चर्चित 'बुलडोजर' थीम वाली टी-शर्ट और भगवान शिव के चित्रों वाली 3D प्रिंटेड टी-शर्ट भी ग्राहकों को खूब पसंद आ रही हैं. दुकानदारों का कहना है कि सावन शुरू होने से पहले ही इन टी-शर्ट और कुर्तों की अच्छी मांग है. बड़ी संख्या में कांवड़िए और शिवभक्त खरीदारी कर रहे हैं तथा आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है.
30 जुलाई से सावन मास की शुरुआत होने जा रही है. इसे लेकर कांवड़िए अभी से अपनी तैयारियों में जुट गए हैं. कौन-से दिन कांवड़ लेकर जल भरना है, किस दिन शिवालयों में जलाभिषेक करना है और यात्रा की तैयारियां कैसे करनी हैं, इसे लेकर श्रद्धालु आपस में चर्चा कर रहे हैं. इसी के साथ पूजा-पाठ और कांवड़ यात्रा से जुड़े सामानों की खरीदारी भी तेज हो गई है.
तैयारियों में जुटा नगर निगम
सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रयागराज नगर निगम भी तैयारियों में जुट गया है. प्रयागराज के मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी स्वयं दशाश्वमेध घाट पहुंचकर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं. मेयर ने बताया कि जिन मार्गों से कांवड़िए गुजरेंगे, उन रास्तों की विशेष सफाई कराई जा रही है. यातायात, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर मदिरा, मांस और मछली की बिक्री पर रोक रहेगी. यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
दशाश्वमेध घाट का विशेष धार्मिक महत्व
प्रयागराज का दशाश्वमेध घाट कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष महत्व रखता है. यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा जल भरने पहुंचते हैं. विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद कांवड़िए गंगाजल लेकर अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों में पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं. इसी कारण घाट की साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और नगर निगम विशेष सतर्कता बरत रहे हैं. धार्मिक वातावरण पूरी तरह शिवमय हो चुका है. बाजारों की रौनक, श्रद्धालुओं का उत्साह और प्रशासन की तैयारियां इस बात का संकेत हैं कि इस वर्ष भी सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर संगम नगरी में विशेष उत्साह देखने को मिलेगा.
ये भी पढ़ें: