scorecardresearch

श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट की अहम बैठक CEO नियुक्ति टली, सचिव की होगी नियुक्ति, SBI पर जताई नाराजगी, धार्मिक समिति का पुनर्गठन

श्रावण मास की तैयारियों को लेकर राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में दर्शन व्यवस्था, CEO नियुक्ति, सचिव और प्रवक्ता की नियुक्ति, धार्मिक समिति के पुनर्गठन समेत कई अहम प्रशासनिक फैसले लिए गए.

ram mandir trust meeting on july 22 ram mandir trust meeting on july 22

अयोध्या में बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की न्यासी मंडल की महत्वपूर्ण बैठक ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में आगामी श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए दर्शन व्यवस्था, प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति, चढ़ावा गणना व्यवस्था, ट्रस्ट में रिक्त पदों की पूर्ति तथा मंदिर की परंपरागत पूजा व्यवस्था सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई और अहम निर्णय लिए गए.

SIT की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार
बैठक में बताया गया कि चढ़ावा राशि की गणना में हुई कथित अनियमितताओं की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) की अंतिम रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है. इसी कारण इस मामले पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया जा सका. साथ ही इस प्रकरण से जुड़ी उच्चतम न्यायालय में लंबित याचिकाओं की सुनवाई और न्यायालय के निर्देशों का भी संज्ञान लिया गया.

न्यासियों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की. बैठक में संतोष व्यक्त किया गया कि चढ़ावा गणना कक्ष सहित सभी महत्वपूर्ण कैमरों की पहुंच सुरक्षा एजेंसियों और संबंधित अधिकारियों को पहले से उपलब्ध करा दी गई है.

SBI की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी
बैठक में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ चढ़ावा राशि की गणना के लिए हुए एमओयू की भी समीक्षा की गई. न्यासी मंडल ने बैंक की कार्यप्रणाली और दायित्वों के निर्वहन में सामने आई त्रुटियों पर गहरी नाराजगी जताई. ट्रस्ट ने बैंक की प्रतिक्रिया और गंभीरता पर असंतोष व्यक्त करते हुए वित्त समिति को एसबीआई के साथ भविष्य के संबंधों और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए.

CEO चयन के लिए मिला एक महीने का अतिरिक्त समय
मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन के लिए गठित समिति ने बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों का हवाला देते हुए चयन प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक माह का अतिरिक्त समय मांगा. न्यासी मंडल ने इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया. इस बीच श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासनिक कार्यों के सुचारु संचालन के लिए एक सचिव की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी गई.

श्रद्धालुओं की संख्या में कमी नहीं आने का दावा
ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि विभिन्न प्रकार के दुष्प्रचार और आरोपों के बावजूद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या में कोई कमी नहीं आई है. न्यासी मंडल ने इसे करोड़ों रामभक्तों की अटूट आस्था और विश्वास का प्रतीक बताया तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं, संत समाज और अवधवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया.

पहली बार ट्रस्ट में होगा आधिकारिक प्रवक्ता
समाज और मीडिया के साथ प्रभावी संवाद बनाए रखने के उद्देश्य से ट्रस्ट ने पहली बार आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त करने का निर्णय लिया. वहीं न्यासी मंडल के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी रहने की जानकारी देते हुए बताया गया कि इस कार्य को पूरा होने में अभी कुछ और सप्ताह लगेंगे.

धार्मिक समिति का किया गया पुनर्गठन
बैठक में मंदिर की पूजा-पद्धति की परंपरागत शुद्धता और प्रामाणिकता बनाए रखने के लिए धार्मिक समिति का पुनर्गठन किया गया. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है. समिति में जगद्गुरु शंकराचार्य ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, मध्वपीठाधीश्वर स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ जी महाराज, महंत दिनेंद्र दास (निर्मोही अखाड़ा), महंत कमलनयन दास (मणिराम दास छावनी), महंत राजकुमार दास (रमावल्लभ कुंज), स्वामी रामानंद दास (रामकथा कुंज) तथा स्वामी मिथिलेश नंदिनी शरण को समिति का सदस्य बनाया गया है. ट्रस्ट की इस बैठक को आगामी श्रावण मास की तैयारियों, प्रशासनिक सुधारों और मंदिर प्रबंधन को अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
 

ये भी पढ़ें