scorecardresearch

12 अगस्त को साल का आखिरी सूर्य ग्रहण, जानें किन राशियों पर क्या पड़ेगा असर और सूतक काल मान्य है या नहीं

12 अगस्त को साल का आखिरी सूर्य ग्रहण लगेगा। भारत में यह दिखाई नहीं देगा, लेकिन कर्क समेत कुछ राशियों को इस दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. साथ ही जानें क्या भारत में सूतक काल का असर होगा.

Advertisement
Surya Grahan Surya Grahan

सूर्य ग्रहण को लेकर भारतीय लोगों के मन में कई सवाल होते हैं. इस बार भी साल का आखिरी सूर्य ग्रहण 12 अगस्त 2026 को लगने जा रहा है. यह ग्रहण कर्क राशि और आश्लेषा नक्षत्र में होगा. भारत में यह ग्रहण दिखाई नहीं देगा, इसलिए यहां इसके सूतक काल के नियम भी मान्य नहीं होंगे. हालांकि ज्योतिष के हिसाब से ग्रहण का असर कुछ राशियों पर पड़ सकता है और उन्हें इस दौरान थोड़ा संभलकर रहने की सलाह दी गई है.

12 अगस्त को लगेगा सूर्य ग्रहण
साल 2026 का आखिरी सूर्य ग्रहण 12 अगस्त को लगने वाला है. ज्योतिषा के मुताबिक यह ग्रहण कर्क राशि और आश्लेषा नक्षत्र में होगा. भारत से यह ग्रहण दिखाई नहीं देगा. खगोलीय गणना के मुताबिक ग्रहण की वैश्विक शुरुआत करीब 12 अगस्त की रात 9:04 बजे IST से होगी और इसका अधिकतम चरण करीब 11:16-11:17 बजे रात के आसपास रहेगा. इस वक्त भारत में रात रहेगा तो सूर्यग्रहण दिखाई भी नहीं देगा.

भारत में सूतक काल?
इस सूर्य ग्रहण को लेकर सबसे जरूरी बात भारत में रहने वाले लोगों के लिए यही है कि ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा. ऐसे में यहां सूतक काल मान्य नहीं होगा. यानी ग्रहण के कारण पूजा-पाठ या रोजमर्रा के कामों को रोकने वाला सूतक भारत में लागू नहीं माना जाएगा.

मेष राशि वालों को परिवार के मामले में संभलकर रहना होगा
मेष राशि से यह ग्रहण चौथे भाव में पड़ रहा है. घर-परिवार को लेकर तनाव बढ़ सकता है, इसलिए नकारात्मक सोच से बचना और रिश्तों को संभालकर चलना बेहतर रहेगा. प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई बड़ा फैसला फिलहाल टालने की सलाह दी गई है.

वृषभ राशि को धोखे से रहना होगा सावधान
वृषभ राशि वालों को अपने आसपास के लोगों और बातचीत पर ध्यान देने की जरूरत बताई गई है. अचानक किसी से धोखा मिलने की आशंका जताई गई है. काम में सावधानी रखें, खर्च बजट के अंदर रखें और बड़े-बुजुर्गों व बड़े भाई-बहनों से रिश्ते खराब न होने दें.

मिथुन राशि को अपनी जुबान पर रखना होगा कंट्रोल
मिथुन राशि वालों के लिए इस दौरान वाणी पर नियंत्रण जरूरी रहेगा. गुस्से या जल्दबाजी में कही गई बात रिश्तों में परेशानी पैदा कर सकती है. इसलिए बातचीत में थोड़ा नरम रहना बेहतर होगा.

कर्क राशि पर ग्रहण का सीधा असर
ग्रहण कर्क राशि में ही लग रहा है, इसलिए इस राशि को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मानसिक तनाव बढ़ाने से बचें और परिवार में बेवजह की अशांति न होने दें. काम से जुड़े फैसलों में भी धैर्य रखना बेहतर रहेगा.

सिंह राशि को खर्च और गुस्से पर लगाम लगानी होगी
सिंह राशि वालों को क्रोध से बचने और खर्चों पर नियंत्रण रखने की सलाह है. रिश्तों में विवाद बढ़ाने से बचें और लंबी दूरी की यात्रा फिलहाल टालना बेहतर रहेगा. काम की जिम्मेदारियों को लेकर लापरवाही न करें.

कन्या राशि के लिए कामकाज में सावधानी जरूरी
कन्या राशि वालों को ऑफिस में सहयोगियों के साथ रिश्ते संभालकर रखने होंगे. किसी साथी को अपना विरोधी बनाने से बचें. अहंकार से दूर रहकर सकारात्मक कामों पर ध्यान देने से तरक्की और धन लाभ के मौके मिल सकते हैं.

तुला राशि को नौकरी और सेहत का रखना होगा ध्यान
तुला राशि वालों को काम से जुड़े फैसले जल्दबाजी में न लेने की सलाह दी गई है. सहयोगियों से विवाद से बचें. सरकारी कामों में देरी हो सकती है, इसलिए पहले से तैयारी करके चलें. स्वास्थ्य को लेकर भी लापरवाही न करें और लंबी दूरी की यात्रा से बचें.

वृश्चिक राशि के लिए ग्रहण का असर बेहतर
वृश्चिक राशि के लिए ग्रहण का प्रभाव बाकी कुछ राशियों के मुकाबले सकारात्मक बताया गया है. काम पर ध्यान देने से अटके हुए काम पूरे हो सकते हैं और करियर में आगे बढ़ने के मौके मिल सकते हैं. फिर भी बड़े फैसले जल्दबाजी में न लेने की सलाह है.

धनु राशि वालों को विदेश से जुड़े काम रोकने की सलाह
धनु राशि वालों को विदेश से जुड़े काम या विदेश यात्रा की योजना फिलहाल रोकने की सलाह दी गई है. ससुराल पक्ष के रिश्तों में खटास न आए, इसका ध्यान रखें. स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानी हो तो जांच और दवाइयों को लेकर लापरवाही न करें.

मकर राशि को रिश्तों में धैर्य रखना होगा
मकर राशि वालों के लिए जीवनसाथी के साथ मतभेद बढ़ने की आशंका बताई गई है. मेहनत के तुरंत नतीजे न मिलने पर परेशान होने के बजाय धैर्य रखें. साथ ही खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी रहेगा.

कुंभ राशि को आर्थिक मामलों में रहना होगा अलर्ट
कुंभ राशि वालों को शत्रुओं और अचानक होने वाले नुकसान से सावधान रहने की सलाह दी गई है. लोन लेकर बिजनेस में निवेश करने से बचें. नौकरीपेशा लोग भी अगले 30 दिनों तक लोन या क्रेडिट कार्ड से जुड़े बड़े आर्थिक फैसले लेते समय खास सावधानी बरतें.

मीन राशि के लिए अगले 30 दिन अहम
मीन राशि वालों को आने वाले 30 दिनों तक संभलकर काम करने की सलाह दी गई है. जल्दबाजी से बचें. शिक्षा से जुड़े लोगों को नौकरी बदलने से फिलहाल बचने और कारोबारियों को बड़ा निवेश न करने की सलाह दी गई है. स्वास्थ्य और खान-पान पर भी ध्यान देना जरूरी रहेगा.
 

ये भी पढ़ें