scorecardresearch

Kanwar Yatra 2026: बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज रहा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, हर दिन बाबा बैद्यनाथ धाम जाने के लिए उमड़ रही कांवड़ियों की भीड़

सावन का पवित्र माह चल रहा है. बाबा बैद्यनाथ धाम जाने के लिए हर दिन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर कांवड़ियों की भीड़ उमड़ रही है. पूरा स्टेशन परिसर बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज रहा है. कोई दशकों से तो कोई कई पीढ़ियों से इस कावड़ यात्रा में शामिल हो रहा है. 

Advertisement
Kanwar Yatra 2026 Kanwar Yatra 2026

सावन के पवित्र महीने में हर तरफ भक्ति, श्रद्धा और आस्था का सैलाब दिखाई दे रहा है. शिवभक्त कांवड़िए बोल बम और हर-हर महादेव का उद्घोष करते हुए अपने गंतव्य की तरफ रवाना हो रहे हैं. उधर, दूसरी तरफ कावड़ यात्रा के अलग-अलग रंग भी दिखाई दे रहे हैं. कोई एक दशक से इस यात्रा में शामिल हो रहा है तो कोई दो दशक से भी ज्यादा समय से लगातार अपने आराध्य का जलाभिषेक करने के लिए कावड़ यात्रा में शामिल हो रहा है.

कांवड़ यात्रा में हो रहे शामिल
कांवड़ यात्रा और भगवान भोले की भक्ति का आलम यह है कि कई लोग ऐसे भी हैं, जो कई-कई पीढ़ियों से अपने आराध्य देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक करने के लिए कावड़ यात्रा में शामिल हो रहे हैं. कंधे पर कांवड़, होठों पर बोल बम, हर हर महादेव के जयकारे और मन में अपने आराध्य भगवान शिव के प्रति अपार श्रद्धा और भक्ति लिए इन कांवड़ियों की भीड़ उत्तर प्रदेश के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर हर दिन उमड़ रही है.

और पहुंचेंगे देवघर
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से तमाम कांवड़िया ट्रेन पकड़ कर झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने के लिए रवाना हो रहे हैं. ट्रेन के माध्यम से वे सुल्तानगंज पहुंचेंगे और वहां से पवित्र गंगा जल लेकर तकरीबन 120 किलोमीटर की कावड़ यात्रा कर देवघर पहुंचेंगे और वहां बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे.

भक्तिमय दिखाई दे रहा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन 
कांवड़ियों की रास्ते में भी शिव के प्रति आस्था, श्रद्धा, भक्ति और उल्लास देखते ही बन रहा है. शिव भक्ति में यह लोग नाच रहे हैं, जयकारे लगा रहे हैं और झूम रहे हैं. कावड़ियों की भीड़ के चलते इन दिनों दिल्ली-हावड़ा रेल रूट का सर्वाधिक व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में शामिल पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पूरी तरह से भक्तिमय दिखाई दे रहा है.

स्पेशल श्रावणी मेला ट्रेन का परिचालन 
अलग-अलग जनपदों से कांवड़िया यहां पहुंच रहे हैं और ट्रेन पड़कर सुल्तानगंज की तरफ रवाना हो रहे हैं. इन कावड़ियों की सुविधा के लिए रेलवे की तरफ से भी इंतजाम किए गए हैं. यही नहीं रेलवे ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से गया के बीच एक स्पेशल श्रावणी मेला ट्रेन का भी परिचालन किया जा रहा है. 

सालों से कांवड़ यात्रा में हो रहे शामिल 
बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने के लिए जाने वाले कांवड़ियों में बहुतेरे ऐसे भक्त भी शामिल हैं. जिनमें कोई एक दशक तो कोई दो दशक तो कोई तीन दशक से लगातार जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ यात्रा में शामिल हो रहा है. 

अब बेटे को लेकर जा रहे बाबा धाम 
यही नहीं, लोगों में अपने आराध्य देव के प्रति इतनी श्रद्धा और आस्था है कि कुछ लोग तो कई कई पीढ़ियों से जलाभिषेक करने के लिए बैद्यनाथ धाम जा रहे हैं. पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर हमारी मुलाकात एक ऐसे ही शिव भक्त कांवड़िया से हुई. चंदौली के रहने वाले कमलेश यादव के पिताजी ने कावड़ यात्रा की शुरुआत की थी. उसके बाद इस यात्रा को कमलेश ने जारी रखा है. इस साल से कमलेश अपने बेटे को लेकर बाबा बैजनाथ धाम जलाभिषेक करने के लिए जा रहे हैं. यानी इस परिवार की तीन पीढ़ियां बिना नागा किए लगातार बैद्यनाथ धाम जा रही हैं.