Daan ka Mahatva
Daan ka Mahatva
सनातन में जीवन के चार मुख्य आधार बताए गए हैं. धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष. इनमें धर्म को सबसे ज्यादा माना गया है. माना जाता है कि यदि जीवन में धर्म का पालन किया जाए, तो अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति का मार्ग आसान हो जाता है. धर्म का पालन कई तरीकों से किया जा सकता है, जिसमें दान का खास स्थान है. दान न केवल पुण्य का काम माना जाता है, बल्कि यह जीवन की कई परेशानियों को कम करने का भी जरिया है. सही भावना से किया गया दान सेहत, सुख और मानसिक शांति दिलाने में मदद करता है.
अनाज का दान सबसे खास दानों में गिना जाता है. माना जाता है कि इससे जीवन में कभी अन्न की कमी नहीं होती. बिना पका हुआ अनाज दान करना अधिक अच्छा माना जाता है. अलग-अलग दिनों में अलग-अलग अनाज का दान विशेष फल देता है.
रविवार को गेहूं का दान करने से नाम, सम्मान और अच्छे स्वास्थ्य मिलता है. सोमवार को चावल का दान मानसिक शांति के लिए लाभकारी माना जाता है. मंगलवार को जौ का दान रक्त संबंधी परेशानियों और कानूनी मामलों में राहत देने वाला माना जाता है. हरी मूंग का दान बुद्धि और शिक्षा में लाभ देता है. चने की दाल का दान गंभीर रोगों से बचाव के लिए शुभ माना जाता है. वहीं काले तिल का दान दुर्घटनाओं से रक्षा और रोजगार में सफलता के लिए अच्छा माना जाता है.
धातुओं का दान सोच-समझकर करना चाहिए. जिस व्यक्ति को दान दिया जाए, वह उस वस्तु को इस्तेमाल करने वाला होना चाहिए. सोने का दान सम्मान और ऊंचे पद की प्राप्ति में सहायक माना जाता है. चांदी का दान स्वास्थ्य की रक्षा के लिए शुभ माना गया है. तांबे का दान कर्ज और कानूनी परेशानियों से राहत दिलाने वाला माना जाता है. लोहे का दान नौकरी की बाधाओं को दूर करने में सहायक माना जाता है.
वस्त्रों का दान आर्थिक सुख और समृद्धि से जोड़ा जाता है. यदि पैतृक संपत्ति मिलने में बाधा हो, तो मोटे वस्त्रों का दान शुभ माना जाता है. यदि बीमारी पर अधिक खर्च हो रहा हो, तो नए और साफ-सुथरे वस्त्र दान करना लाभकारी माना जाता है. वहीं आर्थिक अस्थिरता होने पर अच्छे और टिकाऊ कपड़ों का दान करना शुभ माना जाता है.
दान हमेशा अपनी इच्छा से करना चाहिए, किसी दबाव में नहीं. दान ऐसे व्यक्ति को देना चाहिए जो वास्तव में जरूरतमंद हो और उसका सही उपयोग करे. दान में हमेशा अच्छी और उपयोगी वस्तु ही दें. धार्मिक मान्यता के अनुसार अपनी कुंडली के महत्वपूर्ण ग्रहों से जुड़ी वस्तुओं का दान बिना उचित सलाह के नहीं करना चाहिए.