scorecardresearch

क्रिस जेनर के घने और लंबे बालों का सीक्रेट है पेप्टाइड गमी? जानिए इसके बारे में सबकुछ

72 साल की क्रिस जेनर ने दावा किया है कि उनके चमकदार और घने बालों का राज peptide gummies हैं. पेपटाइड गमी एक तरह का सप्लीमेंट होता है, जो टॉफी या जेली की तरह चबाकर खाया जाता है.

Kris Jenner Kris Jenner
हाइलाइट्स
  • क्या पेप्टाइड गमी से बढ़ते हैं बाल

  • क्या सच में काम करती है?

72 साल की उम्र में क्रिस जेनर (Kris Jenner)अपने घने बालों का क्रेडिट पेप्टाइड गमीज को देती हैं. Khloé Kardashian भी इस ट्रेंड को खुलकर प्रमोट करती हैं. इतना ही नहीं, दोनों अमेरिका की ब्यूटी बायोटेक कंपनी Omi WellBeauty में पार्टनर्स भी हैं. हॉलीवुड की कई और सेलिब्रिटी जैसे जेनिफर एनिस्टन और निकोल किडमैन भी पेप्टाइड रूटीन की तारीफ कर चुकी हैं. लेकिन सवाल यह है कि क्या सच में पेप्टाइड गमीज बालों के लिए कोई चमत्कारी इलाज हैं? या फिर यह सिर्फ एक नया ब्यूटी ट्रेंड है?

क्या होते हैं पेप्टाइड?
पेपटाइड गमी एक तरह का सप्लीमेंट होता है, जो टॉफी या जेली की तरह चबाकर खाया जाता है. इसमें अमीनो एसिड की छोटी-छोटी चेन होती हैं. अमीनो एसिड हमारे शरीर में प्रोटीन बनाने का काम करते हैं. बाल केराटिन नाम के प्रोटीन से बने होते हैं. इसलिए कहा जाता है कि अगर शरीर को सही अमीनो एसिड मिलें, तो बाल मजबूत हो सकते हैं और झड़ना कम हो सकता है.

मतलब साफ है अगर आपके शरीर में प्रोटीन की कमी है तो पेप्टाइड सप्लीमेंट मदद कर सकते हैं. लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि ये सीधे स्कैल्प पर जाकर नए बाल उगा देंगे.

गमी खाने के बाद शरीर में क्या होता है?
जब आप पेप्टाइड गमी खाते हैं, तो वह पेट में जाकर अमीनो एसिड में टूट जाती है. इसके बाद ये शरीर में अवशोषित होकर पूरे सिस्टम में फैलते हैं. यानी ये सीधे बालों की जड़ों तक जाकर काम नहीं करते.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Ash K Holm (@ash_kholm)

 

इनका असर कई बातों पर निर्भर करता है:

  • आपकी डाइट कैसी है

  • पेट की पाचन क्षमता कैसी है

  • शरीर में पहले से कौन-सी कमी है

  • बाल झड़ने की असली वजह क्या है

अगर हेयर फॉल पोषण की कमी से हो रहा है, तो सप्लीमेंट कुछ हद तक मदद कर सकते हैं. लेकिन अगर कारण जेनेटिक, हार्मोनल या तनाव से जुड़ा है, तो गमीज ज्यादा फायदेमंद नहीं होती हैं.

कब फायदेमंद हो सकती हैं गमीज?
कुछ लोगों को इनसे फायदा मिल सकता है, खासकर अगर उनके शरीर में इन पोषक तत्वों की कमी हो जैसे
बायोटिन
आयरन
जिंक
प्रोटीन या अमीनो एसिड

यह सपोर्टिव थेरेपी जरूर हो सकती है, लेकिन ट्रीटमेंट नहीं हो सकता.

क्या सभी गमीज खाना सेफ होता है?
नहीं. हर गमी हर किसी के लिए सही नहीं होती. कई गमीज में ज्यादा मात्रा में शुगर होती है. ऐसे में डायबिटीज मरीजों को शुगर-फ्री ऑप्शन चुनना चाहिए. कुछ गमीज में हाई डोज बायोटिन होता है, जो थायरॉयड और हार्ट टेस्ट की रिपोर्ट को प्रभावित कर सकता है. गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं मानी जाती.

डॉक्टरों के मुताबिक अगर बाल ज्यादा झड़ रहे हैं, तो सबसे पहले ट्रेंड फॉलो करने के बजाय टेस्ट कराएं. आयरन, विटामिन D, B12 और थायरॉयड जैसे जरूरी ब्लड टेस्ट में रिजल्ट पता लग सकता है. साथ ही डाइट में प्रोटीन, हरी सब्जियां, फल और नट्स शामिल करें. तनाव कम करें, भरपूर नींद लें और स्कैल्प की साफ-सफाई व डैंड्रफ या इंफेक्शन का इलाज करा. सिर्फ सोशल मीडिया देखकर सप्लीमेंट खरीद लेना सही फैसला नहीं है.