scorecardresearch
Advertisement

हिमालयी इलाकों में आपदा से पहले मिलेगा अलर्ट, दिल्ली यूनिवर्सिटी ने बनाया ‘आपदा सहायक’ ऐप

दिल्ली विश्वविद्यालय के हिमालय अध्ययन केंद्र ने प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए ‘आपदा सहायक’ नाम का मोबाइल ऐप विकसित किया है. यह ऐप पहाड़ी और तराई क्षेत्रों में भूस्खलन, बादल फटने, फ्लैश फ्लड, भूकंप, जंगलों की आग और हिमस्खलन जैसी चरम घटनाओं का पूर्व अलर्ट जारी करने में मदद करेगा. ऐप के माध्यम से स्थानीय नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी वास्तविक समय में खतरे की जानकारी और तस्वीरें साझा कर सकते हैं. इससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और राहत एजेंसियों को समय पर कदम उठाने का अवसर मिलता है. ऐप में खतरे वाले क्षेत्रों का मैप, आपातकालीन संपर्क और दिशा-निर्देश शामिल हैं. इसका सफल ट्रायल हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में किया गया, जहां इसने आपदा से करीब एक घंटा पहले संकेत देना शुरू कर दिया. आने वाले समय में इसका विस्तार उत्तराखंड और सिक्किम में भी किया जाएगा.