scorecardresearch

Indian Navy: नौसेना को मिलेंगे 3 नए स्वदेशी युद्धपोत, गया की स्टोन आर्ट को GI टैग और अहमदाबाद में पेलिकन सिग्नल

भारतीय नौसेना की ताकत में जल्द ही बड़ा इजाफा होने जा रहा है. नौसेना के बेड़े में एक साथ तीन स्वदेशी युद्धपोत- आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस अग्रय और आईएनएस संशोधक शामिल होने वाले हैं. इन तीनों युद्धपोतों का निर्माण कोलकाता के गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (GRSE) ने किया है. 21 जून को कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में इनकी कमीशनिंग हो सकती है. दूसरी अच्छी खबर बिहार के गया जिले से है, जहां पत्थरकट्टी गांव की 300 साल पुरानी स्टोन आर्ट को जीआई (GI) टैग मिल गया है. इससे स्थानीय शिल्पकारों की आमदनी और इस कला की अंतरराष्ट्रीय पहचान बढ़ने की उम्मीद है. वहीं, गुजरात के अहमदाबाद में पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीजी रोड पर पहली बार 'पेलिकन ट्रैफिक सिग्नल' लगाया गया है. इस स्मार्ट सिस्टम के जरिए पैदल यात्री खुद बटन दबाकर 25 सेकंड के लिए ट्रैफिक रोक सकते हैं और सुरक्षित रूप से सड़क पार कर सकते हैं.