उत्तर-पश्चिम भारत समेत देश के कई राज्यों में मानसून सुपर एक्टिव हो गया है। दिल्ली-एनसीआर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा में झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने कई पहाड़ी राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है। अलकनंदा नदी उफान पर है और रुद्रप्रयाग में नदियां खतरे के निशान के पास पहुंच गई हैं। दूसरी ओर, सावन मास और कांवड़ यात्रा को लेकर झारखंड, बिहार, यूपी और उत्तराखंड में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मेरठ में हाईटेक कंट्रोल रूम, हापुड़ में कांवड़ मोबाइल टीम और बागपत में विशेष कांवड़ ऐप लॉन्च किया गया है। वहीं शिरडी साईं मंदिर में तीन दिवसीय गुरु पूर्णिमा उत्सव शुरू हो गया है, जहां आंध्र प्रदेश के एक श्रद्धालु ने बाबा के चरणों में 1 करोड़ 3 लाख रुपये का सोने का मुकुट अर्पित किया है।