नासिक में 31 अक्टूबर से शुरू होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले से पहले गोदावरी नदी के तट पर 517 श्रद्धालुओं ने एक साथ शंखनाद कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले 2019 में अमेरिका के न्यू जर्सी में 303 लोगों का रिकॉर्ड दर्ज था. नासिक त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने 5 मिनट 30 सेकंड तक शंख बजाया. दूसरी ओर, अयोध्या में 10वें दीपोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. सरयू के 56 घाटों पर 30 लाख दीप जलाने के लक्ष्य के तहत 33 लाख दीप मंगवाए जा रहे हैं और पहली बार सरयू तट की दीवारों पर भी दीप सजाए जा रहे हैं. साथ ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में 1,01,000 मिट्टी के दीपक जलाए जाएंगे. इधर राजधानी दिल्ली में सोनिया विहार से जगतपुर के बीच 'नमो यमुना रिवर सफारी' क्रूज सेवा का ट्रायल शुरू हो गया है, जिसे छठ पर्व से पहले आम जनता के लिए खोलने की तैयारी है.