पुरी में महाप्रभु जगन्नाथ की बहुड़ा यात्रा की शुरुआत हो चुकी है. आठ दिनों तक गुंडिचा मंदिर में विराजमान रहने के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा श्रीमंदिर के लिए रवाना हो चुके हैं. इस पावन यात्रा में शामिल होने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं. पारंपरिक अनुष्ठानों और झाड़ू सेवा के बाद तालध्वज, दर्पदलन और नंदीघोष रथों को खींचा जा रहा है. दूसरी ओर, देश के कई राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ से जनजीवन प्रभावित है. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम और बारामुल्ला में एसडीआरएफ तथा सेना के जवानों ने सैलाब में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला. दक्षिण गुजरात के वलसाड और नवसारी में एनडीआरएफ व कोस्ट गार्ड की मदद से हेलीकॉप्टर के जरिए लोगों को एयरलिफ्ट किया गया. महाराष्ट्र के पालघर में भी सूर्या नदी का जलस्तर बढ़ने पर फंसे ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. इसके अलावा, मुंबई के बाजारों में आगामी गणेश उत्सव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, जहां भगवान गणेश के लिए विशेष आभूषणों का बाजार सजा हुआ है.