श्रावण मास के दूसरे सोमवार पर देशभर के शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. उज्जैन के महाकाल मंदिर में तड़के पंचामृत अभिषेक, भांग-सूखे मेवे से शृंगार और भस्म आरती की गई. काशी विश्वनाथ, देवघर के बाबा बैद्यनाथ, हरिद्वार, दिल्ली, गाजियाबाद और कानपुर समेत तमाम शिवालयों में भक्तों ने पूजा-अर्चना कर जलाभिषेक किया. सावन शिवरात्रि पर मंदिरों में विशेष तैयारियां की गई हैं. इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनोखी कांवड़ यात्राएं आकर्षण का केंद्र बनीं. इसमें स्केटिंग कांवड़, ई-बाइक कांवड़, बुलडोजर कांवड़ और संत प्रेमानंद महाराज के अच्छे स्वास्थ्य के लिए जॉर्डन से आए युवक की दंडवत कांवड़ यात्रा शामिल है. इसके अलावा गणेश चतुर्थी से एक महीने पहले ही महाराष्ट्र के कोल्हापुर और पुणे में गणपति बप्पा की प्रतिमाओं का भव्य आगमन हुआ और उत्सव की शुरुआत हुई.