देशभर में अनंत चतुर्दशी के महापर्व पर 12 दिनों के गणेशोत्सव के बाद भगवान गजानन को भावभीनी विदाई दी जा रही है। मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा, गणेश गली के राजा और परेल के राजा की भव्य विसर्जन यात्राएं गिरगांव चौपाटी की ओर निकल चुकी हैं। विसर्जन यात्राओं में लाखों श्रद्धालु ढोल-ताशों, अबीर-गुलाल और 'गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ' के जयकारों के साथ शामिल हो रहे हैं। कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए मुंबई पुलिस के 22 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। वहीं पुणे, नागपुर और अकोला में भी विसर्जन शोभायात्राएं धूमधाम से निकाली जा रही हैं। नागपुर में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 400 से अधिक कृत्रिम कुंड तैयार किए गए हैं ताकि प्रदूषण से बचा जा सके।