अयोध्या के श्री राम मंदिर परिसर में एक बार फिर से उत्सव का माहौल है। आज शाम 6 बजे मां भगवती मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दिव्य अनुष्ठान की पूरी प्रक्रिया महिलाएं ही संपन्न करेंगी। साध्वी ऋतंभरा ध्वजारोहण करेंगी और सीआरपीएफ की महिला जवान रस्सी खींचकर अनुष्ठान पूरा करेंगी। इस आयोजन में देशभर से मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी की करीब 3500 महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर, चारधाम यात्रा में भारी बारिश और बर्फबारी के बावजूद आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है। अब तक 25 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जिनमें सबसे ज्यादा नौ लाख भक्त बाबा केदारनाथ पहुंचे हैं। मौसम की बात करें तो IMD ने बुलेटिन जारी कर इस साल देश में सामान्य से कम मानसून रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, दिल्ली, यूपी और बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को भीषण गर्मी से फौरी राहत मिली है।