अयोध्या में रंगभरी एकादशी के बाद मठ मंदिरों में भक्ति और उल्लास का अनुपम संगम देखने को मिला। संत महंत अबीर, गुलाल और फूलों के साथ भक्ति रस में सराबोर होकर होली खेलते नजर आए। मथुरा के श्री कृष्ण जन्मस्थान पर आस्था का सैलाब उमड़ा और भक्तों ने राधाकृष्ण से अलौकिक होली खेली। ब्रज में वसंत पंचमी से होली की रौनक जारी है और यहां 40 दिनों तक रंगोत्सव चलता है। पीएम मोदी अजमेर पहुंचे जहां उन्होंने लड़कियों में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत की। पीएम मोदी ने कुल 16 हजार 686 करोड़ रुपए की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके अलावा पीएम मोदी ने युवाओं को 21 हजार 863 नियुक्ति पत्र सौंपे। उत्तराखंड के चंपावत में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पूर्णा गिरी मेले का शुभारंभ किया।