देशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है. दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में मध्यम से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. लगातार हो रही बारिश से सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक की समस्या पैदा हो गई है. काशी और हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे पक्के घाट और मंदिर जलमग्न हो गए हैं. इसके अलावा कोसी बराज से ढाई लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद कई कपाट खोल दिए गए हैं. वहीं, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और एनएसजी द्वारा मॉकड्रिल का आयोजन किया गया है.