देशभर में नवरात्रि और दुर्गा पूजा उत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं. बिहार के मुंगेर में मलेशिया के ट्विन टावर और ब्रिटिश पार्लियामेंट की तर्ज पर 170 फीट ऊंचा भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसकी निगरानी एआई कैमरों से होगी. दिल्ली के सीआर पार्क में 51वें वर्ष के उपलक्ष्य में जूट उद्योग को समर्पित पंडाल बन रहा है. अमरावती और झांसी में शिल्पकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं. खंडित प्रतिमाओं के सम्मानपूर्वक विसर्जन के लिए दिल्ली सरकार और एमसीडी ने 250 वार्डों में विसर्जन बूथ बनाए हैं. अयोध्या में राम मंदिर की आंतरिक व्यवस्था में बड़े प्रशासनिक बदलाव किए जा रहे हैं, जिनमें फेशियल रिकग्निशन सिस्टम और नए सीसीटीवी कैमरे शामिल हैं. उधर मध्य प्रदेश के मैहर में 3430 स्कूली विद्यार्थियों ने सामूहिक कथक नृत्य प्रस्तुत कर एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है.