GNT Express | देशभर में विजयादशमी और दशहरा पर्व पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. मैसूर में शाही जम्बू सवारी के दौरान सजे-धजे हाथियों का भव्य जुलूस निकाला गया, जिसे देखने भारी जनसैलाब उमड़ा. वहीं हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा के साथ सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा का शुभारंभ हुआ, जिसमें राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भी हिस्सा लिया. ढालपुर मैदान में सैकड़ों देवी-देवताओं का महासंगम देखने को मिला. दूसरी ओर, विभिन्न शहरों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन से पहले महिलाओं ने सिंदूर खेला और धुनुची नृत्य की रस्में निभाईं। कोलकाता, आसनसोल, पुरुलिया, प्रयागराज, रांची और दिल्ली में भक्तों ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी. इसके साथ ही शारदीय नवरात्र के अवसर पर जम्मू के माता वैष्णो देवी धाम में चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए. भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए श्राइन बोर्ड व स्थानीय प्रशासन अलर्ट पर है.