गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर महाराष्ट्र समेत पूरे देश में गणेशोत्सव का शुभारंभ हो गया है. मुंबई में लालबागचा राजा के दर्शन सुबह से शुरू हुए, जहां एक भक्त द्वारा अमेरिकी डॉलर की माला भी अर्पित की गई. किंग सर्कल स्थित जीएसबी गणपति पंडाल में 66 किलो से अधिक सोने और 335 किलो चांदी से सजे गणपति के लिए रिकॉर्ड बीमा कवर लिया गया. इसके अलावा चिंचपोकली के चिंतामणि और सिद्धिविनायक मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, मनसे प्रमुख राज ठाकरे और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी पूजा-अर्चना की. पुणे में श्रीमंत दगडूशेठ हलवाई गणपति की शोभायात्रा निकाली गई, वहीं नागपुर, जयपुर के मोती डूंगरी, हैदराबाद के खैरताबाद और तमिलनाडु के विभिन्न मंदिरों में बप्पा की पूजा की गई.