देशभर में आज गंगा दशहरा का पावन पर्व पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है. वाराणसी, हरिद्वार और गंगोत्री समेत तमाम घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है और लोग पवित्र गंगा नदी में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं. दूसरी ओर, आज राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 131 विजेताओं को सम्मानित करेंगी. इनमें पैरा हाई जंपर प्रवीण कुमार और राजस्थानी लोक कलाकार तागाराम भील शामिल हैं. मौसम की बात करें तो उत्तर भारत में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है, जबकि 28 से 30 मई के बीच बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है. वहीं, उत्तराखंड के चमोली और बद्रीनाथ में बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पर्यटकों की भीड़ नैनीताल और मनाली की ओर बढ़ रही है.