काशी में गंगा नदी के ऊपर भारतीय वायु सेना के जांबाजों ने भव्य एयर शो में शानदार करतब दिखाए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में इस एयर शो को देखा, जिसे देखने के लिए गंगा के दोनों किनारों पर भारी भीड़ जुटी. वायु सेना के सूर्य किरण और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने महादेव, नटराज, कैलाश और विश्वनाथ जैसे 18 विशेष फॉर्मेशन बनाए. इससे पहले प्रधानमंत्री ने वाराणसी में रोड शो किया और कपड़ा फैक्ट्री का उद्घाटन किया. इसके साथ ही देश भर में शरद पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जा रहा है. श्रद्धालु गंगा और यमुना सहित पवित्र नदियों में स्नान और दान कर रहे हैं. रात को चंद्रमा की रोशनी में खीर रखने और लक्ष्मी पूजन की परंपरा निभाई जा रही है. वहीं, कुल्लू दशहरा में भगवान नरसिंह की पारंपरिक जलेब निकाली गई और हरिद्वार में श्रद्धालुओं के लिए इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट सेवा शुरू करने की तैयारी है.