शारदीय नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है. मान्यता है कि मां कालरात्रि के पूजन से भय और नकारात्मक ऊर्जा समाप्त होती है. देशभर में दुर्गा पूजा और नवरात्रि का उल्लास देखने को मिल रहा है. गुजरात के मोरबी में पारंपरिक गरबा के साथ केरल के थैय्यम नृत्य का अनूठा संगम देखने को मिला. वहीं कोलकाता के बीसी ब्लॉक में पर्यावरण संरक्षण की थीम पर आधारित पंडाल तैयार किया गया, जिसमें नेपाल के बाढ़ पीड़ितों की मदद का संदेश भी दिया गया. दिल्ली के चितरंजन पार्क और मुंबई के पंडालों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. इसके साथ ही पश्चिम मेदिनीपुर में पिता के त्याग को दर्शाने वाला पंडाल और विजयवाड़ा में तिरुपति मंदिर की तर्ज पर बना पंडाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. दुर्गा पूजा में बेल पूजा और देवी के आवाहन की परंपरा का भी विशेष महत्व निभाया जा रहा है.