नवरात्र की महानवमी पर देशभर में मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना और कन्या पूजन के साथ श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला. दिल्ली के कालकाजी मंदिर, असम के कामाख्या शक्तिपीठ, माता वैष्णो देवी दरबार और वाराणसी के सिद्ध माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. दिल्ली के चितरंजन पार्क स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में 100 साल पुरानी जमींदारी परंपरा और बंकिम चंद्र चटर्जी के ‘वंदे मातरम’ की थीम पर कन्या पूजन और कुमारी पूजा हुई. वहीं, महाराष्ट्र के अकोला और मुंबई के सात रास्ता स्थित पंडालों में हवन, आरती और धार्मिक अनुष्ठान किए गए. गुजरात के वडोदरा स्थित लक्ष्मी विलास पैलेस और यूनाइटेड वे ऑफ बड़ौदा में पारंपरिक वेशभूषा और तिरंगा थीम के साथ गरबा का भव्य आयोजन हुआ.