दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 15 जून से व्यावसायिक उड़ानें शुरू होने जा रही हैं. इंडिगो यहां से अपनी पहली फ्लाइट उड़ाएगी, जिसके बाद अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी उड़ान भरेंगी. इससे दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर दबाव कम होने की उम्मीद है. वहीं, मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में इस बार अप्रैल में 2008 के बाद सबसे ज्यादा 29.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा, देश की अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर भी अच्छी खबर है. अप्रैल महीने में कुल जीएसटी कलेक्शन बढ़कर 2.43 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो पिछले साल के मुकाबले 8.7 प्रतिशत अधिक है. दूसरी ओर, उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर भक्तों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. खराब मौसम के बावजूद अब तक सवा पांच लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं.