दिल्ली और मेरठ के बीच सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सराय काले खान से मोदीपुरम तक नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर का शुभारंभ करेंगे. इस उद्घाटन से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा और तकनीकी तैयारियों का जायजा लिया. 82 किलोमीटर की यह दूरी अब महज एक घंटे में पूरी होगी और ट्रेन 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी सराय काले खान स्टेशन का निरीक्षण किया, जिसे एक मल्टी-मॉडल हब के रूप में विकसित किया गया है. यह स्टेशन हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन से जुड़ा है, जिससे यात्रियों को सुगम आवाजाही की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा, भविष्य में इस कॉरिडोर का विस्तार दिल्ली-अलवर और दिल्ली-करनाल रूट तक करने का प्रस्ताव है.