शारदीय नवरात्र के सातवें दिन मां कालरात्रि की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है. मां कालरात्रि का स्वरूप नकारात्मक ऊर्जा और शत्रुओं के नाश का प्रतीक माना जाता है. वहीं देशभर में दुर्गा पूजा को लेकर पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. कोलकाता के बीसी ब्लॉक में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाला पंडाल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जबकि पश्चिमी मेदिनीपुर में पिता के त्याग को दर्शाती थीम पेश की गई है. आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा, दिल्ली के चितरंजन पार्क और मुंबई में भी पूजा पंडालों में भक्तों का तांता लगा है. इसके अतिरिक्त गुजरात के खेड़ा में अनोखी अग्नि चक्र आरती आयोजित की गई और धनबाद के अस्पताल में 51 नवजात कन्याओं का पूजन किया गया. मध्य प्रदेश के आगर मालवा में लड़कियों ने तलवारों के साथ गरबा पेश किया, जबकि झांसी और असम के डिब्रूगढ़ में भी नवरात्रि उत्सव की जबरदस्त धूम देखने को मिली.