शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना के लिए देशभर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. दिल्ली के झंडेवालान और छतरपुर मंदिर, हरिद्वार के मायादेवी मंदिर और हैदराबाद के भाग्यलक्ष्मी मंदिर में सुबह से भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. मंदिरों में मां का भव्य श्रृंगार, महाआरती और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. वहीं, अयोध्या के बड़ी देवकाली मंदिर, आगर मालवा के मां बगलामुखी मंदिर और नागपुर के दुर्गा पंडालों में भी भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा है. नवरात्रि के पावन अवसर पर देशभर में भक्ति, शक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है.