देशभर में आज हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. मध्य प्रदेश के पाटन और प्रयागराज के लेटे हनुमान मंदिर में मंगला आरती के साथ भक्तों का तांता लगा रहा. महाराष्ट्र के अकोला में स्थित 450 साल पुराने तपे हनुमान मंदिर में 571 किलो के लड्डू का भोग लगाया गया, वहीं कोथली बुजुर्ग गांव में वानरों के लिए विशेष मिष्ठान की पंगत सजाई गई. अयोध्या के श्री राम मंदिर परिसर में स्थित हनुमान मंदिर में पहली बार जन्मोत्सव मनाया जा रहा है, जहां 34 साल बाद राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े 'बजरंगी' एक मंच पर जुटेंगे. ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस बार 30 साल बाद मीन राशि में सूर्य, शनि और मंगल की युति से दुर्लभ 'त्रिग्रही योग' बन रहा है. इसके अलावा, रेलवे ने सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए 'भारत गौरव ट्रेन' की शुरुआत की है और उत्तराखंड में गंगोत्री नेशनल पार्क के द्वार पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं.