1 जुलाई से देश में कई अहम नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम आदमी के मासिक बजट पर पड़ेगा. आधार कार्ड पर ईमेल अपडेट करना अब फ्री होगा, जबकि बिना टिकट सफर करने पर रेलवे डबल जुर्माना लगाएगा. इसके साथ ही सामान्य और तत्काल कैटेगरी में पासपोर्ट बनवाना भी महंगा हो जाएगा. दूसरी ओर, पवित्र अमरनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी हो गई हैं. बिना रजिस्ट्रेशन और आरएफआईडी कार्ड के किसी भी यात्री को जाने की अनुमति नहीं मिलेगी. वहीं, मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. पूर्वोत्तर, महाराष्ट्र और केरल में मूसलाधार बारिश की संभावना है, जबकि दिल्ली में जुलाई के पहले हफ्ते तक मानसून पहुंचने की उम्मीद है. उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के 135वें एपिसोड में रक्षा और एविएशन सेक्टर की स्वदेशी उपलब्धियों की सराहना की है.