प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बेंगलुरु के आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर में ध्यान मंदिर का उद्घाटन करेंगे और हैदराबाद में 9500 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसके अलावा, यूपी में आज योगी कैबिनेट का विस्तार होने जा रहा है, जिसमें खाली पड़ी छह सीटों के लिए नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण दोपहर तीन बजे लखनऊ के लोकभवन में होगा। वहीं, तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय आज राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी भी शामिल होंगे। रक्षा क्षेत्र में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ओडिशा के डॉ. अब्दुल कलाम द्वीप से एमआईआरवी तकनीक से लैस एडवांस अग्नि मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। इसके साथ ही उत्तराखंड में चारधाम यात्रा जोरों पर है, जहां केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में सोमवार और मंगलवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।