वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में अक्षय तृतीया के अवसर पर ठाकुर जी के चरण दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है. साल में केवल एक बार अक्षय तृतीया के दिन ही भक्तों को बांके बिहारी के चरण दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होता है. मान्यता है कि आज के दिन बांके बिहारी के चरण दर्शन करने से बद्रीनाथ धाम की यात्रा के समान पुण्य फल मिलता है. गर्मी से राहत दिलाने के लिए ठाकुर जी के पूरे शरीर पर चंदन का लेप लगाया गया है और उन्हें सत्तू के लड्डू तथा शीतल पेय पदार्थों का भोग अर्पित किया गया है. इस विशेष अवसर पर भगवान पीतांबर वस्त्र और स्वर्ण एवं रजत पायल धारण करते हैं.