scorecardresearch

Amarnath Yatra: 3 जुलाई से शुरू होगी यात्रा, सामने आई बाबा बर्फानी की पहली तस्वीर

जम्मू-कश्मीर में इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होने जा रही है, जिसका समापन 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन होगा. यात्रा शुरू होने से पहले ही पवित्र गुफा से बाबा बर्फानी की पहली तस्वीर सामने आ गई है, जिसमें करीब सात फीट ऊंचा बर्फ का शिवलिंग पूर्ण आकार ले चुका है. इस साल करीब 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के लिए अब तक 3 लाख 60 हजार से ज्यादा श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं और उम्मीद है कि यह आंकड़ा 5 लाख को पार कर जाएगा. यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए जम्मू के भगवती नगर बेस कैंप में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. गृह मंत्रालय ने सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 670 कंपनियां तैनात करने का फैसला किया है. यात्रा मार्ग से बर्फ हटाने का काम जारी है और 15 जून तक दोनों प्रमुख रास्तों, बालटाल और पहलगाम को पूरी तरह साफ कर लिया जाएगा.