कश्मीर में पवित्र अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ हो गया है। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जत्था पहलगाम और बालटाल बेस कैंप से पवित्र गुफा के लिए रवाना हो चुका है। बारिश के बावजूद तीर्थयात्रियों का उत्साह चरम पर है। यह यात्रा कुल 57 दिनों तक चलेगी और 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन समाप्त होगी। अमरनाथ गुफा में भगवान शिव प्राकृतिक रूप से बनने वाले हिमलिंग के स्वरूप में दर्शन देते हैं। मान्यता है कि इसी गुफा में भगवान शिव ने माता पार्वती को अमरत्व की कथा सुनाई थी। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर माउंटेन रेस्क्यू टीम और सुरक्षा बलों के जवानों को तैनात किया गया है। पहलगाम 41 किलोमीटर लंबा पारंपरिक मार्ग है, जबकि बालटाल 14 किलोमीटर का छोटा लेकिन कठिन मार्ग है। प्रशासन ने बिना एडवांस रजिस्ट्रेशन के यात्रा न करने की अपील की है।