अमरनाथ यात्रा के दूसरे दिन भी शिव भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर में खराब मौसम और बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में श्रद्धालु पवित्र गुफा की ओर बढ़ रहे हैं। बालटाल और पहलगाम बेस कैंप से श्रद्धालुओं का दूसरा जत्था रवाना हो चुका है। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस साल कड़े नियम लागू किए गए हैं। रास्ते में भूस्खलन जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए माउंटेन रेस्क्यू टीम, एनडीआरएफ, एसएसबी और आईटीबीपी के जवानों को तैनात किया गया है। 57 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 28 अगस्त तक जारी रहेगी। वहीं, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी करते हुए अपील की है कि यात्री एडवांस रजिस्ट्रेशन कराने के बाद ही अपनी तय तारीख पर दर्शन के लिए आएं। बिना पंजीकरण वाले यात्रियों को तत्काल सुविधा में एडजस्ट करना संभव नहीं है।