scorecardresearch

Cyber Panchayat: यूपी के गांवों में साइबर ठगों का आतंक, 'साइबर पंचायत' से किया जा रहा जागरूक, बच्चे ने गंवाए 13 लाख

साइबर अपराध अब केवल शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह धीरे-धीरे गांवों और कस्बों में भी फैल रहा है. स्मार्टफोन की बढ़ती पहुंच के साथ, ग्रामीण इलाकों में साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. जागरूकता की कमी के कारण गांव के लोग आसानी से इन ठगों का शिकार बन रहे हैं. इसी खतरे को देखते हुए उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित बख्शी का तालाब इलाके के कठवारा गांव में 'साइबर पंचायत' का आयोजन किया गया. इस अनोखी पंचायत का उद्देश्य ग्रामीणों को साइबर धोखाधड़ी, फर्जी लिंक और डिजिटल अरेस्ट जैसे खतरों के प्रति जागरूक करना है. इस पहल में यूपी पुलिस भी सहयोग कर रही है. पंचायत में विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे एक छोटी सी गलती से जीवन भर की कमाई पल भर में गायब हो सकती है. उदाहरण के तौर पर, मोहनलालगंज में एक 12 साल के बच्चे ने गेम खेलते समय अनजाने में 13 लाख रुपये गंवा दिए. इस पहल से ग्रामीणों को सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के तरीके सिखाए जा रहे हैं.