महाराष्ट्र समेत देश के विभिन्न हिस्सों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अगले दिन दही हांडी उत्सव का आयोजन किया गया. मुंबई के दादर, दहिसर, घाटकोपर और ठाणे में गोविंदा टोलियों ने कई स्तरों के मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ी. दादर में 53 वर्षों से जारी परंपरा के तहत जॉली स्पोर्ट्स क्लब और तेजस्विनी महिला मंडल की महिला गोविंदा टोलियों ने पांच थर का मानव पिरामिड बनाया. ठाणे की संस्कृति दही हांडी में 51 लाख रुपये के नकद पुरस्कार और 10 थर के पिरामिड के साथ जय जवान सहित 200 से अधिक गोविंदा पथकों ने भाग लिया. इस दौरान अभिनेता सुनील शेट्टी, संजय दत्त, रणदीप हुड्डा, क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव और कई राजनेता उपस्थित रहे. उधर, शिरडी के साईं बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं ने फूलों की मटकी फोड़कर और बाल कृष्ण को चांदी के पालने में झुलाकर उत्सव मनाया.