महाराष्ट्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुंबई, ठाणे, घाटकोपर, दादर और दहिसर सहित विभिन्न क्षेत्रों में दही हांडी उत्सव का आयोजन किया गया. इस दौरान गोविंदा टोलियों ने आठ से दस स्तर के मानव पिरामिड बनाकर हांडी फोड़ने का प्रयास किया. ठाणे में प्रताप सरनाइक के मंच पर 350 से अधिक टीमों की सहभागिता रही, जहां दस थर लगाने वाली टीम के लिए पांच लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई. घाटकोपर में विधायक राम कदम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी कई गोविंदा पथक शामिल हुए. उत्सव में अभिनेता सुनील शेट्टी और क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव भी उपस्थित रहे. सुरक्षा के मद्देनजर मुंबई पुलिस और बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने चिकित्सा टीमों, एंबुलेंस, क्रेन, रस्सियों तथा अस्पतालों में आरक्षित बिस्तरों के व्यापक प्रबंध किए। महाराष्ट्र सरकार द्वारा दही हांडी को साहसिक खेल का दर्जा प्रदान किया गया है.