scorecardresearch

Delhi का पहला महिला पुलिस थाना: चाइल्ड फ्रेंडली रूम और जीरो एफआईआर की सुविधा

दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पहला 'ऑल वुमेन पुलिस स्टेशन' खोला गया है. यह थाना ऐतिहासिक सब्जी मंडी पुलिस स्टेशन के परिसर में स्थित है, जहां 1861 में दिल्ली का पहला थाना बना था. इस नए महिला थाने की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां रिसेप्शन, ड्यूटी ऑफिसर, जांच अधिकारी से लेकर रिकॉर्ड रूम तक का सारा काम केवल महिला पुलिसकर्मियों द्वारा संभाला जाता है. महिलाओं के अनुकूल बनाने के लिए इसे गुलाबी रंग से रंगा गया है. थाने में शिकायतकर्ताओं के साथ आने वाले बच्चों के लिए एक विशेष 'चिल्ड्रन रूम' बनाया गया है, जिसमें झूले और खिलौने मौजूद हैं. यहां पोक्सो, रेप और घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है. इसके अलावा, किसी अन्य क्षेत्र या राज्य की महिला भी यहां आकर 'जीरो एफआईआर' दर्ज करा सकती है. इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को बिना किसी झिझक के शिकायत दर्ज कराने के लिए एक सुरक्षित और सहज माहौल प्रदान करना है.