दिल्ली में 45 से 50 डिग्री की झुलसा देने वाली गर्मी में ड्यूटी कर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को राहत देने के लिए नई पहल की गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ट्रायल के तौर पर जवानों को खास 'एसी हेलमेट' दिए हैं। 200 से 250 ग्राम वजन वाले इस हेलमेट में छोटा पंखा और कूलिंग पैड लगा है, जो सिर के तापमान को 10 से 15 डिग्री तक कम कर देता है। इसके बाहरी हिस्से पर यूवी रेजिस्टेंट कोटिंग है। एक बार चार्ज होने पर यह 2 से 3 घंटे चलता है। इसके अलावा, चिलचिलाती धूप में जवानों को डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए मोबाइल रिफ्रेशमेंट वैन चलाई जा रही है, जो ड्यूटी पॉइंट्स पर जाकर ठंडा पानी, नींबू पानी और ओआरएस उपलब्ध कराती है। साथ ही, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को छाता, रिचार्जेबल पंखे, सेफ्टी गॉगल्स और आराम करने के लिए सीएसआर के तहत विशेष बूथ भी मुहैया कराए गए हैं। दिल्ली में 4800 ट्रैफिक पुलिसकर्मी ढाई करोड़ की आबादी की सुरक्षा संभालते हैं।