शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर देशभर में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं. पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित ऐतिहासिक कुम्हारटोली में मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. लगभग 300 साल पुराने इस इलाके में गंगा की मिट्टी, बांस, पुआल और रंगों से पारंपरिक और आधुनिक स्वरूप गढ़े जा रहे हैं. मूर्तियों के निर्माण में चोखू दान की रस्म से लेकर अब एआई आधारित डिजाइनों का भी इस्तेमाल देखा जा रहा है. वहीं दूसरी तरफ देश की राजधानी दिल्ली के 'मिनी बंगाल' कहे जाने वाले चितरंजन पार्क यानी सीआर पार्क में भी दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी जारी है. यहां के कालीबाड़ी मंदिर की कार्यशाला में 1970 के दशक से चली आ रही परंपरा के तहत कुशल कारीगर प्रतिमाएं बना रहे हैं. चेहरे की फिनिशिंग और शुद्धता के लिए विशेष रूप से कोलकाता से मिट्टी मंगवाई जाती है. कुम्हारटोली से लेकर सीआर पार्क तक श्रद्धालु और मूर्तिकार पूरे उत्साह से उत्सव की तैयारियों में लीन हैं.