scorecardresearch

मई के अंत में दस्तक दे सकता है मानसून, केरल में समय से पहले बारिश के आसार

देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक तरफ मानसून के समय से पहले आने की संभावना है, वहीं दूसरी तरफ कई राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अंडमान और निकोबार की ओर रफ्तार पकड़ ली है और केरल में यह समय से पहले दस्तक दे सकता है। दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट है। इसके विपरीत, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र के विदर्भ में लू से लोग बेहाल हैं। राजस्थान के बाड़मेर में गर्मी ने पिछले 31 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जहां तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस भीषण गर्मी के बीच गुजरात के जामनगर से राहत देने वाली खबर आई है। यहां के चिड़ियाघर में जानवरों और पक्षियों को चिलचिलाती धूप से बचाने के लिए फव्वारे और पानी के छिड़काव जैसे विशेष इंतजाम किए गए हैं।