देश भर में मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं. एक तरफ जहां कुछ राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप है, वहीं दूसरी तरफ कई हिस्सों में बारिश और आंधी से राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार, इस साल मानसून अपने तय समय से पहले दस्तक दे सकता है. बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है, जिससे 16 मई तक अंडमान निकोबार में मानसून की एंट्री हो सकती है. दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद अब फिर से तापमान बढ़ने का अनुमान है और हफ्ते के अंत तक पारा 40 से 42 डिग्री तक पहुंच सकता है. इसके अलावा, राजस्थान और गुजरात में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया गया है. राजस्थान के बाड़मेर में तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जिसने 31 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. मौसम विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है. देखें खास रिपोर्ट.