scorecardresearch

Weather Update: अप्रैल में बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी तो मैदानों में बारिश और ओले, जानिए क्या है वजह?

अप्रैल के महीने में देश के मौसम में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एक ओर जहां कश्मीर के सोनमर्ग, गुलमर्ग और पुंछ जैसे इलाकों में जनवरी जैसी भारी बर्फबारी हो रही है, वहीं दूसरी ओर देश के मैदानी और रेगिस्तानी इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को हैरान कर दिया है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान के जैसलमेर और जयपुर के साथ-साथ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बेमौसम बरसात और ओले गिरे हैं। इस बदलते मौसम का असर उत्तराखंड की आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों पर भी पड़ा है। केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब में ताजा बर्फबारी के बावजूद प्रशासन 19 अप्रैल से शुरू होने वाली यात्रा के लिए युद्धस्तर पर काम कर रहा है। मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल के लिए उत्तर-पश्चिम भारत में एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की चेतावनी दी है, जिसके चलते दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में आंधी, बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।