आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में भारतीय नौसेना ने 13वें इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (IFR) का भव्य आयोजन किया, जिसमें दुनिया के 70 देशों की नौसेनाओं ने हिस्सा लिया. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वदेशी युद्धपोत आईएनएस सुमेधा पर सवार होकर इस विशाल नौसैनिक बेड़े का अवलोकन किया. इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि 'समुद्र में भारत का दृष्टिकोण वसुधैव कुटुम्बकम के आदर्शों से प्रेरित है और वैश्विक सुरक्षा साझेदारी के माध्यम से ही संभव है.' कार्यक्रम में भारत के पहले स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत और डाइविंग सपोर्ट वेसल आईएनएस निस्तार ने विशेष आकर्षण बटोरा. इसके साथ ही विशाखापट्टनम में बहुराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास 'मिलन 2026' की भी शुरुआत हुई, जिसका उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे. इस अभ्यास में अमेरिका, रूस और ब्रिटेन सहित कई मित्र देश शामिल हो रहे हैं, जो समुद्री सुरक्षा और आपसी तालमेल को बढ़ावा देंगे.